महादलित टोलों में डीएम एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने दीपोत्सव की खुशियां की साझा

 






अररिया 09 नवम्बर(हि.स.)। दीपावली पर जिला प्रशासन की ओर से सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द एवं समानता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न महादलित टोलों में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला स्तर से लेकर प्रखंड स्तर तक के पदाधिकारी बीती रात विभिन्न महादलित बस्तियों में पहुंचे और स्थानीय समुदाय एवं परिवारों के साथ दीपावली का पर्व मनाकर खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर डीएम विनोद दूहन ने जयप्रकाश नगर पहुंचकर स्थानीय परिवारों के साथ दीप जलाकर दीपावली मनाई। उन्होंने इस क्रम में स्थानीय लोगों से आत्मीय संवाद भी किया।वहीं एसपी जितेन्द्र कुमार,डीडीसी रोजी कुमारी सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न महादलित टोलों में पहुंचकर स्थानीय लोगों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। साथ ही पदाधिकारियों ने स्थानीय परिवारों के साथ मिलकर दीप प्रज्वलित किए और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान लोगों के बीच अपनत्व एवं आत्मीयता का माहौल देखने को मिला।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के बीच अपनत्व, सहभागिता और समानता की भावना को मजबूत करना तथा यह संदेश देना था कि पर्व-त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग तक उसका उल्लास पहुंचे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर