जिले के 218 पैक्स में 148 का कंप्यूटरीकरण, 66 प्रक्रियाधीन

 


अररिया 03 जुलाई(हि.स.)। जिले के 218 पैक्स में से 214 का चयन कंप्यूटरीकरण के लिए किया गया, जिनमें 148 पैक्स का कंप्यूटरीकरण एवं संचालन प्रारंभ हो चुका है। जबकि शेष 66 पैक्स में प्रक्रिया जारी है।जिसे डीएम विनोद दूहन ने शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

जानकारी जिला सहकारी विकास समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान दी गई।बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में 44 जीविका महिला विकास स्वावलंबी समितियों का निबंधन किया गया है।

बैठक में किसान उत्पादक संगठन के गठन की प्रगति पर भी चर्चा हुई।अररिया के बटूरबारी एवं सिकटी के बेंगा में दो एफपीओ का गठन एवं निबंधन पूरा कर लिया गया है।

कॉमन सर्विस सेंटर की समीक्षा में बताया गया कि जिले के 218 पैक्स में से 198 पैक्स में सीएससी आईडी सक्रिय हो चुकी है। अब तक 2,502 ट्रांजैक्शन के माध्यम से लगभग 84.63 लाख रुपये का व्यवसाय किया गया है।

प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र की स्थापना की समीक्षा में बताया गया कि जिले के 12 पैक्स द्वारा आवेदन किया गया था, जिनमें से 10 को स्वीकृति मिल चुकी है।

बैठक में प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र की स्थापना की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिले के 24 पैक्स को इफको द्वारा पीएमकेएसके में परिवर्तित किया जा चुका है। अन्य पैक्सों के लिए प्रशिक्षण की प्रक्रिया भी जारी है, जिसमें 40 में से 33 पैक्स को प्रशिक्षण दिया जा चुका है तथा शेष को शीघ्र प्रशिक्षण दिलाए जाने हेतु कार्रवाई की जा रही है।

इसके अलावा बैठक में भारतीय बीज सहकारी समिति, नेशनल कोऑपरेटिव ऑर्गेनिक्स लिमिटेड एवं नेशनल कोऑपरेटिव एक्सपोर्ट्स लिमिटेड की सदस्यता अभियान की भी समीक्षा की गई।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सहकारिता विभाग की सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करें तथा प्रत्येक योजना की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर हासिल करें।

बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व, उप विकास आयुक्त, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर