लोक अदालत में 190 चालानों के निष्पादन में जमा हुए 6 लाख 10 हजार की राशि
अररिया 12 सितम्बर(हि.स.)। अररिया व्यवहार न्यायालय परिसर शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित 190 ट्रैफिक चालानों का निष्पादन में 6 लाख 10 हजार रूपये की वसूली की गई।लंबित ट्रैफिक एवं परिवहन चालानों के निष्पादन को लेकर वाहन स्वामियों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों से संबंधित लंबित ई-चालानों के समाधान के लिए लोक अदालत पहुंचे। दिनभर आयोजन स्थल पर वाहन स्वामियों की आवाजाही बनी रही तथा देर शाम तक चालान निष्पादन का कार्य जारी रहा।
बिहार सरकार के परिवहन विभाग द्वारा लागू एकमुश्त यातायात चालान निपटान योजना के तहत आयोजित इस विशेष अभियान में 90 दिनों से अधिक समय से लंबित पात्र चालानों के त्वरित निष्पादन की व्यवस्था की गई। पात्र मामलों में शमन राशि में 50 प्रतिशत तक की राहत मिलने के प्रावधान के कारण वाहन स्वामियों में अपने पुराने चालानों का समाधान कराने को लेकर विशेष रुचि देखने को मिली।
लोक अदालत परिसर में वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए चालान सत्यापन, निष्पादन, भुगतान एवं तकनीकी सहायता से संबंधित अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा लोगों के चालानों की जांच कर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा नियमानुसार निष्पादन की प्रक्रिया पूरी की गई। ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध रहने से वाहन स्वामियों को भुगतान में भी सहूलियत हुई।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुंजन पाण्डेय द्वारा आयोजन स्थल का निरीक्षण किया गया। उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर जाकर चालान निष्पादन की प्रक्रिया तथा आम नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत को आम नागरिकों को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बताया।
वहीं जिला पदाधिकारी विनोद दूहन के दिशा निर्देश में जिला परिवहन कार्यालय द्वारा लोक अदालत में आने वाले वाहन स्वामियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित सुनिश्चित की गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर