पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति की हुई बैठक
अररिया 04 अप्रैल(हि.स.)।
अररिया आरएस स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में शनिवार को विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक जिलाधिकारी सह विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विनोद दूहन की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में मुख्य रूप से अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा, अररिया कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आर. डी. पासवान, जिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. के. के. कश्यप, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक निदेशक सुबोध कुमार, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक अमन कुमार राय, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता शिवम सिंह, एसएसबी 52वीं बटालियन के उप कमांडेंट आनंद प्रकाश यादव, मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल के प्राचार्य पराशर त्यागी तथा पार्श्व गायक अमर आनंद उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्यालय के प्राचार्य कुमार राघवेंद्र द्वारा सभी अतिथियों एवं समिति के सदस्यों का औपचारिक स्वागत किया गया। बैठक के दौरान विद्यालय की आर्थिक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा पीएम श्री अनुदान के तहत प्राप्त राशि का व्यय नियमानुसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक कराने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कार्यपालक पदाधिकारी को नियमित रूप से एक कचरा संग्रहण वाहन विद्यालय भेजने का निर्देश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर