भाजपा जिला कार्यालय में डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर संगोष्ठी का आयोजन
अररिया,14 अप्रैल(हि.स.)। भारत रत्न, भारतीय संविधान के शिल्पकार एवं सामाजिक न्याय के अग्रदूत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती भाजपा जिला कार्यालय में मंगलवार को जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा की अध्यक्षता में मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्णिया के निवर्तमान जिला अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अश्विनी वर्मा ने किया।
संगोष्ठी का शुभारंभ बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उनके जीवन, संघर्ष, विचारों एवं भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर ने संविधान के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान कर भारत को एक सशक्त लोकतंत्र बनाया। उनके आदर्श सामाजिक समरसता, समानता और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना के लिए सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।
मुख्य अतिथि मनोज कुमार सिंह ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर का जीवन शिक्षा, संघर्ष और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने समाज के वंचित एवं शोषित वर्गों को मुख्यधारा में लाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए मार्गदर्शक हैं।
जिला अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष गंगा ऋषिदेव ने कहा कि बाबा साहेब ने सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध संघर्ष कर समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व पर आधारित समाज की नींव रखी। उनका जीवन प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर