स्थापना दिवस पर भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष ने किया झंडोत्तोलन, सांसद भी रहे मौजूद
अररिया 06 अप्रैल(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के 47 वें स्थापना दिवस पर सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ कार्यक्रम का आयोजन कर स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रदीप कुमार सिंह की उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने पार्टी कार्यालय परिसर में विधिवत झंडोत्तोलन किया। इस दौरान उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् के साथ राष्ट्र एवं संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण को दोहराया।
इस अवसर पर अररिया जिले सहित पूरे प्रदेश एवं देशवासियों को भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। नेताओं ने कहा कि भाजपा का यह स्थापना दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, सेवा, समर्पण और अंत्योदय के संकल्प को सुदृढ़ करने का अवसर है।
मुख्य अतिथि सांसद श्री सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन बन चुकी है, जिसका मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन, जिला प्रवक्ता गणेश ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष किरण कुमारी, जिला मंत्री कनकलता झा, जिला कार्यालय मंत्री नीरज कुमार, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष चाँदनी सिंह, जिला महिला महामंत्री ज्योति भगत, नगर अध्यक्ष संजय कुमार अकेला, सोशल मीडिया संयोजक नृपेन्द्र सिंह, पूर्व सोशल मीडिया संयोजक सुजीत कुमार, सांसद प्रतिनिधि (रेलवे) राजा मिश्रा, मंडल अध्यक्ष मृत्युंजय झा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष अश्विनी वर्मा, अररिया विधानसभा संयोजक विकाश भगत सहित भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर