स्मैक के साथ गिरफ्तार रोजगार सेवक की सेवा समाप्त

 


अररिया 22 अगस्त(हि.स.)। स्मैक तस्करी के आरोप में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए पंचायत रोजगार सेवक सुनील कुमार ऋषिदेव के विरुद्ध जिला ग्रामीण विकास अभिकरण ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पंचायत रोजगार सेवक के पद से सेवा मुक्त कर दिया है।

इस संबंध में उप विकास आयुक्त-सह-अपर जिला कार्यक्रम समन्वयक, अररिया द्वारा आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, कार्यक्रम पदाधिकारी भरगामा के पत्र के माध्यम से बताया गया था कि पंचायत रोजगार सेवक सुनील कुमार ऋषिदेव, ग्राम पंचायत राज-सिरसिया को स्मैक तस्करी के आरोप में फुलकाहा थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था। साथ ही वे पिछले करीब चार माह से अनाधिकृत रूप से अपने कार्य एवं दायित्व से अनुपस्थित थे।

आदेश में उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में कार्यक्रम पदाधिकारी, भरगामा द्वारा 14 फरवरी, 19 फरवरी, 18 मार्च एवं 7 मई 2026 को स्पष्टीकरण की मांग की गई, लेकिन उनके द्वारा स्पष्टीकरण समर्पित नहीं किया गया। इस बीच इनका स्थानांतरण भरगामा प्रखंड से जोकीहाट प्रखंड के ग्राम पंचायत राज मटियारी में किया गया, लेकिन संबंधित कार्यक्रम पदाधिकारी, जोकीहाट द्वारा भी योगदान नहीं करने की जानकारी दी गई।

सुनील कुमार ऋषिदेव के विरुद्ध कार्यालय द्वारा 23 जुलाई 2026 को निबंधित डाक के माध्यम से भी स्पष्टीकरण की मांग की गई थी, लेकिन उनके द्वारा इसका भी संतोषजनक स्पष्टीकरण समर्पित नहीं किया गया। आदेश में कहा गया है कि पंचायत रोजगार सेवक का यह कृत उनके कार्य एवं दायित्व तथा विभागीय प्रावधानों के विरुद्ध है।

उपरोक्त स्थिति में उप विकास आयुक्त द्वारा आदेश जारी कर सुनील कुमार ऋषिदेव, पंचायत रोजगार सेवक, एचआरएमएस आईडी-115270 के पंचायत रोजगार सेवक पद पर किए गए अनुबंध को समाप्त करते हुए उन्हें सेवा से मुक्त कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर