सांसद की पहल से श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की मिली स्वीकृति

 


नालंदा, 01 जुलाई (हि.स.)।

नालंदा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कौशलेन्द्र कुमार की पहल पर श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है।

रेल मंत्रालय ने सांसद की मांग स्वीकार करते हुए नटेसर–हावड़ा–नटेसर (वाया राजगीर, बिहारशरीफ, नालंदा) श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 03001/03002) के परिचालन की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस संबंध में रेल मंत्रालय ने 30 जून 2026 को आधिकारिक पत्र जारी किया है।

सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन नगरी राजगीर में आयोजित मलमास मेले के दौरान उनकी मांग पर रेल मंत्रालय ने एक माह के लिए राजगीर–हावड़ा–राजगीर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया था। इस विशेष ट्रेन से लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों को काफी सुविधा मिली थी।उन्होंने कहा कि राजगीर का मलमास मेला देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी धार्मिक महत्ता के लिए प्रसिद्ध है।

मान्यता है कि मलमास के दौरान राजगीर के गर्म जलकुंडों में स्नान करने से पापों का नाश होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस अवधि में 33 करोड़ देवी-देवताओं का राजगीर में आगमन होता है और वे एक माह तक यहां प्रवास करते हैं। इसी कारण देशभर से साधु-संत एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में राजगीर पहुंचते हैं।सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पुनः पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि मलमास मेले के बाद एक माह के भीतर श्रावणी मेला शुरू होने वाला है। पहले राजगीर–हावड़ा फास्ट पैसेंजर ट्रेन के माध्यम से नालंदा एवं आसपास के जिलों के हजारों श्रद्धालु देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए जाया करते थे।

वर्तमान में नियमित सुविधा उपलब्ध नहीं होने से श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए श्रावण मास तक विशेष ट्रेन का संचालन जारी रखा जाए।सांसद की इस मांग पर रेल मंत्रालय ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए नटेसर–हावड़ा–नटेसर (वाया राजगीर, बिहारशरीफ, नालंदा) श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन संख्या 03001/03002 के परिचालन की अनुमति दे दी है।सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्णय से नालंदा, राजगीर, बिहारशरीफ सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालुओं को श्रावणी मेले में बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी। साथ ही इस विशेष ट्रेन से क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों और आम रेल यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे