बक्सर के डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल का रात में औचक निरीक्षण, लापरवाही पर बीएचएम से मांगा स्पष्टीकरण
बक्सर/डुमरांव, 28 अगस्त (हि.स.)। जिला पदाधिकारी बक्सर साहिला ने 27 अगस्त की देर रात अनुमंडलीय अस्पताल, डुमरांव का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकीय व्यवस्था, साफ-सफाई, मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, एम्बुलेंस सेवा तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में अपेक्षित स्तर की कार्यप्रणाली नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक से स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता की डिजिटल डिस्प्ले व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को उपलब्ध दवाओं की जानकारी आसानी से मिल सके। वहीं, अस्पताल के प्रवेश द्वार पर स्ट्रेचर उपलब्ध रखने तथा सहायता काउंटर संचालित करने को कहा।
उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का ड्यूटी रोस्टर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने, अस्पताल में आरओ पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मरीजों को मिलने वाली सभी सुविधाओं की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने अस्पताल में पीकू सुविधा जल्द से जल्द शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल में स्वच्छता, दवा, एम्बुलेंस और मरीजों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra