छपरा में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

 






सारण, 24 जुलाई (हि.स.)। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट सारण द्वारा शहर के होली किड्स इंटरनेशनल स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह, साइबर अपराध, गुड टच-बैड टच और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में छात्रों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा आपात स्थिति में डायल-112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और हेल्पलाइन नंबर 9031036406 का उपयोग करने की सलाह दी गई। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट टीम के संदेश पर विद्यार्थियों ने प्राप्त जानकारी को समाज तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

पुलिस निरीक्षक विशाल आनंद ने कहा कि पुलिस सेवा मानवीय मूल्यों पर आधारित है और समाज में व्याप्त कुरीतियों के विरुद्ध कार्रवाई व जागरूकता पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सुरक्षित समाज के लिए पुलिस और आमजन की सहभागिता को आवश्यक बताया। मौके पर महिला थाना की पुलिस अवर निरीक्षक ममता कुमारी, चेयरमैन सत्येन्द्र कुमार शर्मा बर्मन, सचिव विनीता शर्मा, निदेशक आशुतोष नाथ व विनीत आनंद उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार