एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट द्वारा सीपीएस में छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

 








सारण, 31 जुलाई (हि.स.)। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, सारण द्वारा शहर के सेंट्रल पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह, साइबर अपराध, गुड टच-बैड टच और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में छात्रों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा आपात स्थिति में डायल-112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और हेल्पलाइन नंबर 9031036406 का उपयोग करने की सलाह दी गई। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट टीम के संदेश पर विद्यार्थियों ने प्राप्त जानकारी को समाज तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

पुलिस निरीक्षक विशाल आनंद ने कहा कि पुलिस सेवा मानवीय मूल्यों पर आधारित है और समाज में व्याप्त कुरीतियों के विरुद्ध कार्रवाई व जागरूकता पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सुरक्षित समाज के लिए पुलिस और आमजन की सहभागिता को आवश्यक बताया। मौके पर निदेशक डॉ हरेंद्र कुमार सिंह, प्राचार्य मुरारी सिंह, विद्यालय प्रबंधक डॉ विकास कुमार सिंह और शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार