बाल विवाह उन्मूलन को लेकर कटिहार में निकली भव्य प्रभात फेरी

 


कटिहार, 27 नवंबर (हि.स.)। बाल, कम आयु एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से एक भव्य जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और गणमान्य लोगों को बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक शपथ भी दिलाई। प्रभात फेरी में शामिल स्कूली बच्चे, शिक्षक, समाजसेवी और जिला स्तरीय पदाधिकारी हाथों में जागरूकता बैनर, पोस्टर व तख्तियां लिए चल रहे थे।

समाहरणालय परिसर से प्रारंभ हुई यह प्रभात फेरी शहीद चौक, मिर्चाईबाड़ी और हनुमान मंदिर चौक होते हुए पुनः समाहरणालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान बच्चों ने बाल विवाह नहीं, पढ़ाई और सपनों की उड़ान है, बाल विवाह रोको - बेटी पढ़ाओ, कम उम्र में शादी नहीं, पढ़ाई है जरूरी तथा बाल विवाह अपराध है - आओ इसे रोकें जैसे गगनभेदी नारों के माध्यम से आम लोगों और विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों व मीडियाकर्मियों से इस जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने तथा कहीं भी बाल विवाह होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1098, 181 या 112 पर सूचना देने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह