सरस्वती विद्या मन्दिर में वार्षिक परीक्षाफल समारोहपूर्वक घोषित, टॉपर्स हुए सम्मानित
सीवान, 31 मार्च (हि.स.)। स्थानीय विद्या भारती विद्यालय, महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता में सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षाफल हर्षोल्लास के साथ घोषित किया गया।
विद्यालय के विशाल सभागार में आयोजित समारोह में प्रबंधन समिति के संरक्षक प्रो. रविन्द्र कुमार पाठक, अध्यक्ष डॉ. शरद चौधरी, सचिव प्रो. शम्भुनाथ प्रसाद, कोषाध्यक्ष जीव नारायण सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके बाद कक्षा-वार परिणाम घोषित किए गए तथा प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले भैया-बहनों को सम्मानित व पुरस्कृत किया गया। हर कक्षा के टॉपर्स को अलग से विशेष पुरस्कार भी दिए गए।
विद्यालय के समग्र टॉपर के रूप में कक्षा सप्तम (खंड ‘डी’) के भैया दिवेश कुमार को विशिष्ट पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। प्राचार्य डॉ. कुमार विजय कुमार रंजन ने घोषणा की कि सत्रारंभ के दिन उन्हें पूरे वर्ष के शिक्षण शुल्क के बराबर राशि का चेक प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर मंच संचालन प्रभारी प्राचार्य डॉ. आशुतोष कुमार एवं प्रीति कुमारी ने किया। मीडिया प्रभारी अखिलेश श्रीवास्तव एवं आचार्य प्रवीण चन्द्र मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संरक्षक प्रो. पाठक ने विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम और संस्कारयुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्ष डॉ. शरद चौधरी ने घोषणा की कि आगामी सत्र में कक्षा 8 और 9 में 95 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को छह माह के शिक्षण शुल्क के बराबर राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी।
अंत में प्राचार्य डॉ. कुमार विजय रंजन के संबोधन और नए सत्र से जुड़ी जानकारी के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। विद्यालय का नया सत्र 7 अप्रैल से हवन-पूजन के साथ प्रारंभ होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma