फारबिसगंज कांवरिया सेवा समिति की वार्षिक बैठक

 


अररिया, 14 जून(हि.स.)।

फारबिसगंज कांवरिया सेवा समिति की वार्षिक बैठक रविवार को स्थानीय श्री मारवाड़ी अतिथि सदन में हुई।बैठक की अध्यक्षता समिति के उपाध्यक्ष मुरली गुप्ता ने की, जबकि मंच संचालन इंजीनियर आयुष अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में फारबिसगंज शहर के साथ-साथ दूसरे शहरों और विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं समिति सदस्यों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर परिषद की मुख्य पार्षद वीणा देवी थीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों में उप मुख्य पार्षद नूतन भारती, पूर्व मुख्य पार्षद अनूप जायसवाल, मूलचंद गोलछा, प्रदीप देव, विजय प्रकाश, डॉ. नेहा राज एवं विशाल गोलछा शामिल रहे।

बैठक के दौरान समिति द्वारा वर्ष 2025-26 का विस्तृत आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया। पदाधिकारियों ने समिति की वित्तीय स्थिति, विभिन्न सेवा कार्यों तथा आगामी योजनाओं की जानकारी सदस्यों को दी। उपस्थित लोगों ने अपने-अपने विचार रखे तथा आगामी वर्षों में शिविर को और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप देने को लेकर सुझाव दिए।

इस अवसर पर बताया गया कि वर्ष 2026 में टंकेश्वर धाम में लगने वाला फारबिसगंज कांवरिया सेवा समिति का शिविर अपने 24वें वर्ष में प्रवेश करेगा। समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष सावन माह में बाबा भोलेनाथ के श्रद्धालु कांवरियों की सेवा के लिए विशेष शिविर लगाया जाता है। शिविर में ठंडे एवं गर्म पानी की व्यवस्था, मालिश सेवा, भंडारा, शरबत वितरण, रात्रि विश्राम,चिकित्सीय सुविधा सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अतिरिक्त डाक बम श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष सेवाएं प्रदान की जाती है।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि फारबिसगंज एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु इस सेवा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। बड़ी संख्या में लोग स्वयं शिविर में पहुंचकर सेवा कार्यों में सहयोग करते हैं। वर्षों से निरंतर चल रही यह सेवा कांवरियों के बीच विशेष पहचान बना चुकी है और सावन माह में हजारों श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर