सरस्वती शिशु एवं बालिका विद्या मंदिर में वार्षिकोत्सव पर कार्यक्रम का आयोजन
अररिया 27 फरवरी(हि.स.)। फारबिसगंज के कटहरा स्थित सुलोचना देवी डॉ. डीएल दास सरस्वती शिशु मंदिर एवं बालिका विद्या मंदिर में 21 वां वार्षिकोत्सव शुक्रवार को मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता लोक शिक्षा समिति बिहार के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह ने कहा समाज के सहयोग से देशभर में अनेक शिशु विद्या मंदिर चल रहा है। विद्या भारती शिक्षा के माध्यम से समाज परिवर्तन का कार्य कर रहा है। विद्या भारती विद्यालय से पढ़कर निकलने वाले अनेकों छात्र छात्राएं देश के सर्वोच्च परीक्षा में उत्तीर्ण होकर देश सेवा कर रहे हैं। विद्या भारती के विद्यालयों में हिन्दुत्व निष्ठ एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत बालकों का निर्माण किया जाता है।
समाज जागरण में विद्या भारती का अहम योगदान है। 1952 में संघ की प्रेरणा से कुछ निष्ठावान लोग शिक्षा के पुनीत कार्य में जुटे। राष्ट्र निर्माण के इस कार्य में लगे लोगों ने नवोदित पीढ़ी को सुयोग्य शिक्षा और शिक्षा के साथ संस्कार देने के लिए सरस्वती शिशु मंदिर की आधारशिला गोरखपुर में रखी जो कि आज सम्पूर्ण भारत में सबसे बड़ी गैर सरकारी शैक्षिक संस्थानों में शीर्ष पर है। विद्या भारती के विद्यालयों में भैया बहनों का सर्वांगीण विकास किया जाता है। विद्या भारती के तहत आज हजारों शिक्षण संस्थान संचालित हो रहे हैं।
पूर्व विधायक विद्यासागर केशरी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में विद्या भारती का अहम योगदान है। धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष राम प्रकाश प्रसाद ने किया। मंच संचालन विद्यालय के अष्टम की बहनों ने की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर