मुआवजा न मिलने से आक्रोशित किसानों ने रोका पुल निर्माण, कोर्ट जाने की दी चेतावनी
सारण, 08 अगस्त (हि.स.)। तरैया प्रखंड की चंचलिया पंचायत के दियारे में गंडक नदी पर बन रहे पुल व एप्रोच रोड के लिए लगभग 60 किसानों की साढ़े 15 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जा रही है। निर्माण कार्य शुरू हुए दो माह बीत जाने के बाद भी भूमिधारकों को मुआवजा नहीं मिला है, जिससे आक्रोशित किसानों ने बीते चार दिनों से निर्माण कार्य ठप कर दिया है।
शनिवार को चंचलिया पंचायत भवन पर राजद के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रत्याशी शैलेन्द्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में किसानों की बैठक हुई। किसानों का तर्क है कि जमीन की नियमित रजिस्ट्री और रसीद कटने के बावजूद इसे टोपोलैंड बताकर मामला उलझाया जा रहा है।
राजद नेता ने तरैया सीओ अजय कुमार से फोन पर वार्ता की जिस पर सीओ ने 10 दिनों में प्रक्रिया पूरी कर रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजने का आश्वासन दिया। शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि यदि किसानों को जल्द उचित मुआवजा नहीं मिला तो वे न्याय के लिए कोर्ट की शरण लेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार