दूरस्थ विद्यालय आवंटन से नाराज 70 छात्रों ने डीईओ कार्यालय का किया घेराव, नजदीकी स्कूल में नामांकन की मांग
किशनगंज, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बुढ़ीमारी क्षेत्र के करीब 70 छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय का घेराव किया। छात्रों ने नौवीं कक्षा में दूरस्थ विद्यालय आवंटित किए जाने पर नाराजगी जताते हुए नजदीकी विद्यालय में नामांकन कराने की मांग की। इस संबंध में छात्रों ने डीईओ को सामूहिक आवेदन भी सौंपा। छात्र-छात्राओं ने बताया कि उन्होंने उर्दू मध्य विद्यालय बुढ़ीमारी, मदरसा बुढ़ीमारी एवं आसपास के अन्य मध्य विद्यालयों से आठवीं कक्षा उत्तीर्ण की है। विभागीय आदेश के तहत उन्हें उत्क्रमित उच्च विद्यालय मौधो में नामांकन के लिए आवंटित किया गया है, जो उनके गांव से लगभग 9 किलोमीटर दूर स्थित है।विद्यार्थियों ने कहा कि प्रतिदिन इतनी दूरी तय कर विद्यालय जाना उनके लिए बेहद कठिन होगा। अधिकांश छात्रों के अभिभावक दूसरे राज्यों में मजदूरी करते हैं, जिससे बच्चों के आवागमन की समुचित व्यवस्था कर पाना संभव नहीं है। परिवहन सुविधा के अभाव में उन्हें पैदल या निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ेगा, जिससे पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है।
छात्रों ने विशेष रूप से छात्राओं की पढ़ाई पर चिंता जताई। उनका कहना है कि अधिक दूरी के कारण छात्राओं की नियमित उपस्थिति प्रभावित हो सकती है, जिससे उनके पढ़ाई छूटने का खतरा बढ़ जाएगा। छात्रों ने बताया कि उनके गांव से मात्र 800 मीटर की दूरी पर +2 कारकुन लाल उच्च विद्यालय, अलता स्थित है, जहां नामांकन होने पर उन्हें पढ़ाई जारी रखने में आसानी होगी।
छात्र-छात्राओं ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से मांग की है कि उनकी परिस्थितियों को देखते हुए उत्क्रमित उच्च विद्यालय मौधो के बजाय +2 कारकुन लाल उच्च विद्यालय अलता में सामूहिक नामांकन कराने का निर्देश जारी किया जाए। छात्रों ने उम्मीद जताई कि शिक्षा विभाग उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द निर्णय करेगा, ताकि दूरी और संसाधनों की कमी के कारण उनकी आगे की पढ़ाई बाधित न हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह