कटिहार में 90 दिवसीय विशेष एनीमिया मुक्ति अभियान: 5 से 50 वर्ष तक के लोगों की होगी डिजिटल जांच

 

कटिहार, 24 अगस्त (हि.स.)। 'एनीमिया मुक्त भारत' कार्यक्रम के अंतर्गत कटिहार जिले में 90 दिवसीय विशेष स्वास्थ्य अभियान चलाया जाएगा।

इस व्यापक अभियान के तहत 5 से 50 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों, किशोर-किशोरियों, महिलाओं एवं पुरुषों में हीमोग्लोबिन स्तर की जांच आधुनिक डिजिटल हीमोग्लोबिनोमीटर के माध्यम से की जाएगी। जांच के दौरान रक्त की कमी (एनीमिया) से पीड़ित पाए जाने वाले व्यक्तियों का डिजिटल अभिलेख तैयार किया जाएगा, जिससे उन्हें समुचित चिकित्सीय परामर्श, आवश्यक उपचार एवं नियमित निगरानी की सुविधा सुनिश्चित कराई जा सके।

यह अभियान जिले के सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा अन्य सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से संचालित होगा। इसके साथ ही जिला समाहरणालय परिसर में भी विशेष परीक्षण शिविर का शुभारंभ किया जाएगा, जहां नागरिकों के हीमोग्लोबिन के साथ-साथ मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की भी निःशुल्क जांच होगी।

सिविल सर्जन ने बताया कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक जांच उपकरण, परीक्षण सामग्री तथा डिजिटल रिपोर्टिंग तंत्र की मुकम्मल व्यवस्था कर ली गई है।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों में खून की कमी को अक्सर बीमारी न मानकर सामान्य कमजोरी समझ लिया जाता है। इस सोच को बदलना अत्यंत आवश्यक है ताकि कोई भी बच्चा या मां जानकारी व जांच के अभाव में कुपोषण और शारीरिक दुर्बलता का शिकार न बने। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, आंगनबाड़ी व स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि वे आमजन को जांच के लिए प्रेरित करें और 'स्वस्थ कटिहार, समृद्ध कटिहार' के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह