गोपालगंज के पौराणिक नागेश्वर नाथ महादेव मंदिर का होगा संरक्षण-संवर्धन : डॉ. प्रमोद कुमार
पटना, 26 नवंबर (हि.स.)।
गोपालगंज जिले में नारायणी नदी के पावन तट पर स्थित करीब 300 वर्ष पुराने पौराणिक नागेश्वर नाथ महादेव मंदिर के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर गुरुवार को कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पुरातात्विक महत्व को ध्यान में रखते हुए इसके संरक्षण एवं विकास की योजना पर विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया।
इस कार्य पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान है। नागेश्वर नाथ महादेव मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध ऐतिहासिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार इस धरोहर को सुरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों तक इसकी पहचान पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मंदिर के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाएगा।
कार्तिक पूर्णिमा से एक दिन पूर्व, 23 नवंबर को मंत्री डॉ प्रमोद कुमार ने गोपालगंज जिले में नारायणी नदी के पावन तट पर स्थित इस पौराणिक नागेश्वर नाथ महादेव मंदिर का भ्रमण किया।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर मंदिर के संरक्षण, संवर्धन एवं विकास कार्यों पर चर्चा की गई तथा इसके विकास कार्यों को गति प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी जी भी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रस्तावित कार्ययोजना को आगे बढ़ाने तथा संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी