एक घंटा श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

 


किशनगंज, 01 अक्टूबर (हि.स.)। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत राष्ट्रव्यापी “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” कार्यक्रम के अवसर पर गुरुवार को ग्राम पंचायत टेउसा में सामूहिक श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी नवीन कुमार, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, निदेशक डीआरडीए, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला समन्वयक, जिला सलाहकार, बीडीओ, मुखिया सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर करीब एक घंटे तक श्रमदान किया।

इस दौरान स्थानीय बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। सामूहिक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का विषय बनाने का संदेश दिया गया। इसके बाद पंचायत भवन परिसर में जिलाधिकारी नवीन कुमार, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुखिया एवं अन्य पदाधिकारियों ने पौधारोपण किया। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ एवं हरित पंचायत के निर्माण का संदेश दिया गया।

डीएम ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की सामूहिक शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के तहत “स्वच्छता ही सेवा है” और “स्वच्छ बिहार, समृद्ध बिहार” के नारों के साथ जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली उच्च माध्यमिक विद्यालय, टेउसा पहुंचकर संपन्न हुई। विद्यालय की छात्राओं ने स्वच्छता से संबंधित संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया और सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली। कार्यक्रम के माध्यम से सामूहिक श्रमदान, पौधारोपण, शपथ एवं जागरूकता रैली के जरिए स्वच्छता को जनभागीदारी से जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह