प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अभाविप कार्यकर्ता का आमरण अनशन
अररिया 08 अप्रैल(हि.स.)। फारबिसगंज के फैंसी मार्केट परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से फारबिसगंज कॉलेज छात्र संख्या अध्यक्ष सह प्रांतीय समिति सदस्य सूरज कुमार चौधरी की अगुवाई में परिषद कार्यकर्ताओं ने बुधवार से आमरण शुरू की है। यह आमरण अनशन निजी स्कूलों की मनमानी, छात्रों और अभिभावकों के आर्थिक शोषण स्कूलों में शिक्षा के व्यापारीकरण जैसी गंभीर समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुरू की गई।
अनशन के दौरान छात्र नेता सूरज चौधरी संग अनशन पर बैठे अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्राइवेट स्कूलों की मनमानी अवैध वसूली अपने चरम पर है।निजी स्कूलों द्वारा विभिन्न शुल्कों के माध्यम से अभिभावकों का आर्थिक शोषण हो रहा है। प्रतिवर्ष प्रवेश शुल्क तथा शिक्षण शुल्क मे बढ़ोत्तरी की जा रही है, जिससे कहीं न कहीं छात्रों के शिक्षण कार्य मे बाधा उत्पन्न हो रही है।निजी विद्यालयों द्वारा निर्धारित दुकान से ही ड्रेस तथा किताबों को खरीदने पर जोर दिया जाना एवं पुस्तक विक्रेताओं से सांठगांठ करके कम दामों की पुस्तकों को अधिक रुपयों में छात्रों को बेचना अवैध वसूली का एक सटीक हथियार बन चुका है।जिसे विद्यार्थी परिषद कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। छात्र नेताओं ने कहा की मांगो के समाधान तक परिषद का अनशन जारी रहेगा।
परिषद द्वारा जारी अनशन को नैतिक समर्थन देने पहुंचे परिषद के पूर्व प्रदेश मंत्री प्रवीण कुमार ने निजी स्कूलों एवं शिक्षा माफियों के साठगांठ से स्कूली शिक्षा को व्यवसायी रूप देने पर गम्भीर चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से छात्र एवं शिक्षा हित में यथाशीघ्र संज्ञान लेते हुए समस्याओं को त्वरित समाधान की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर