अमहा पंचायत में जल्द चालू होगा गोबर गैस प्लांट, डीडीसी ने किया निरीक्षण
सुपौल, 06 नवंबर (हि.स.)। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत सुपौल प्रखंड की अमहा ग्राम पंचायत में गोबरधन परियोजना के अंतर्गत निर्मित गोबर गैस प्लांट को जल्द चालू कराने की कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने प्लांट का निरीक्षण कर इसकी वर्तमान स्थिति एवं संचालन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परियोजना को शीघ्र क्रियाशील करने का सख्त निर्देश दिया। इस मौके पर निदेशक, लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, डीआरडीए आशुतोष कुमार, जिला समन्वयक सोनम कुमारी, बीपीएम जीविका, सुपौल, प्रखंड समन्वयक, निदान एजेंसी के प्रतिनिधि विशाल कुमार तथा सीएलएफ के सदस्य उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान निदान एजेंसी के प्रतिनिधि विशाल कुमार ने परियोजना को जल्द चालू करने के लिए आवश्यक कार्य शुरू करने पर सहमति जताई। साथ ही कार्य के सफल संचालन में अपेक्षित सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
डीडीसी ने एजेंसी को निर्देश दिया कि गोबर गैस प्लांट के संचालन के लिए स्थानीय कर्मियों को समुचित प्रशिक्षण देना सुनिश्चित करें, ताकि प्लांट का नियमित एवं सुचारू संचालन हो सके। वहीं, सीएलएफ को परियोजना के संचालन के लिए प्रतिदिन आवश्यकतानुसार गोबर की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई।
इसके अलावा बीपीएम जीविका, सुपौल को निर्देशित किया गया कि वे निदान एजेंसी द्वारा किए जा रहे कार्यों का नियमित अनुश्रवण करें तथा कार्य की प्रगति से संबंधित जानकारी जिला स्वच्छता कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि गोबरधन परियोजना को निर्धारित समय में क्रियाशील करना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों, एजेंसी एवं स्थानीय समूहों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। परियोजना के शुरू होने से गोबर के बेहतर प्रबंधन के साथ जैविक ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र