विधायक ने लगाए आरोपों को बताया निराधार, कहा छवि खराब करने की साजिश

 




भागलपुर, 30 मार्च (हि.स.)। जिले के नाथनगर के विधायक मिथुन यादव पर बीते दिनों एक महिला प्रीति देवी द्वारा जबरन जमीन बिकवाने और उनके पति के साथ मारपीट कराने के लगाए गए आरोपों पर सोमवार को विधायक ने अपना पक्ष रखा है।

विधायक मिथुन यादव ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि घटना के दिन वे मुंगेर के लिए निकल रहे थे, तभी रास्ते में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे, जहां उनके परिवार के कुछ लोग भी मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि वहां स्थिति तनावपूर्ण थी और गोलीबारी हो रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति को बचाने के लिए उनके साथ मौजूद लोगों ने उसे उनकी गाड़ी में बैठाया और तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। मिथुन यादव ने कहा कि उनके और उनकी पार्टी की छवि खराब करने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है।

उन्होंने यह भी कहा कि आरोप लगाने वाली महिला अपने पति को बचाने के लिए इस तरह का “ड्रामा” कर रही है और घटना के लिए उसके पति को ही जिम्मेदार ठहराया। विधायक ने भरोसा दिलाया कि जब तक वे विधायक हैं, अपने क्षेत्र में किसी भी तरह की गलत गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेंगे और हमेशा उसके खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और पुलिस विधि अनुसार कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर