बिहार के सभी भूमिहीन परिवारों को मिलेगी तीन डिसमिल जमीन, जल्द शुरू होगा अभियान बसेरा 3 : दिलीप जायसवाल
किशनगंज, 15 जून (हि.स.)। बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा है कि राज्य के हर गरीब और वास भूमिहीन परिवार को सम्मानपूर्वक जीवन यापन के लिए मुफ्त भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में 15 जून से 21 जून 2026 तक पूरे राज्य में अभियान बसेरा-2 के तहत विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से शेष सभी पात्र भूमिहीन परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि आजादी के 78 वर्ष बाद भी बिहार में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं, जिनके पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने निर्णय लिया है कि राज्य के सभी भूमिहीन परिवारों को तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए अगले दस दिनों के भीतर अभियान बसेरा-3 की शुरुआत की जाएगी।
डॉ. जायसवाल ने बताया कि अभियान बसेरा-3 के तहत पात्र भूमिहीन परिवारों को न केवल मुफ्त जमीन उपलब्ध कराई जाएगी, बल्कि उन्हें आवासीय योजनाओं से जोड़कर मकान निर्माण की सुविधा भी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में रहने वाले भूमिहीन परिवारों को उनके निकटवर्ती पंचायत क्षेत्रों में जमीन उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे स्थायी आवास का लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर मंत्री ने श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्य के 13 जिलों में आयोजित होने वाले श्रावणी मेलों की तैयारियों के लिए कुल 5.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
स्वीकृत राशि में भागलपुर श्रावणी मेला के लिए 1.30 करोड़ रुपये, बांका और मुंगेर के लिए एक-एक करोड़ रुपये, लखीसराय के लिए 75 लाख रुपये, मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ एवं बाबा दूधनाथ मंदिर मेले के लिए 50 लाख रुपये तथा बेगूसराय के विभिन्न घाटों एवं धार्मिक स्थलों के लिए 30 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा जमुई, पूर्णिया और मधुबनी को 10-10 लाख रुपये, वैशाली एवं सारण को 2.50-2.50 लाख रुपये, पूर्वी चंपारण के अरेराज मंदिर को 5 लाख रुपये तथा जहानाबाद के वानावर श्रावणी मेला के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए यह राशि उपलब्ध कराई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह