बहादुरगंज छात्र आंदोलन में गिरफ्तार सभी 27 नाबालिग रिहा, कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद घर लौटे

 

किशनगंज, 02 अगस्त (हि.स.)। बहादुरगंज में छात्र आंदोलन के दौरान हिरासत में लिए गए सभी 27 नाबालिगों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रिहा कर दिया गया है।

पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों का पालन करते हुए दो चरणों में सभी नाबालिगों की रिहाई सुनिश्चित की। इसके साथ ही आंदोलन के दौरान हिरासत में लिए गए सभी लोग अब अपने घर लौट चुके हैं। जानकारी के अनुसार, बहादुरगंज में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई थी।

इस दौरान कुछ स्थानों पर हिंसक घटनाएं भी हुई थीं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 27 लोगों को हिरासत में लिया था। जांच में सभी हिरासत में लिए गए व्यक्ति नाबालिग पाए गए। इसके बाद पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम के तहत उनकी रिहाई की प्रक्रिया शुरू की। पहले चरण में 29 जुलाई को 14 नाबालिगों को छोड़ा गया था, जबकि शेष 13 नाबालिगों को शनिवार देर रात आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद रिहा कर दिया गया। रविवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरी प्रक्रिया कानून के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप संपन्न की गई। सभी नाबालिगों को उनके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया है।

नाबालिगों की रिहाई के बाद उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। कई परिवार पिछले कई दिनों से बच्चों की रिहाई का इंतजार कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि बहादुरगंज में हुआ छात्र आंदोलन और उसके बाद की घटनाएं पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी रही थीं, जिस पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए था।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह