दरभंगा, तारडीह प्रखंड में विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
दरभंगा, 22 मार्च (हि.स.)।
बिहार में दरभंगा जिले के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक मैथिली ठाकुर ने तारडीह प्रखंड का दौरा कर प्रखंड सभागार में अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रखंड क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं, जनसमस्याओं तथा विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रीति कुमारी, पंचायत राज पदाधिकारी खगेंद्र मोहन, अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक कफिल अहमद सहित कई विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। विधायक के साथ उनके पिता रमेश ठाकुर तथा उनके भाई भी मौजूद रहे।
करीब दो घंटे तक चली बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा प्रखंड क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं और विकास से जुड़े प्रस्तावों का मसौदा रखा। इस दौरान सड़क, जल निकासी, पंचायत स्तरीय योजनाओं और अन्य विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई।
विधायक मैथिली ठाकुर ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुँचना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने और जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य होगा, लोग देखते रहिए। प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रीति कुमारी ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में चल रही योजनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है तथा आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।
पंचायत राज पदाधिकारी खगेंद्र मोहन ने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंच सके। बैठक के बाद विधायक मैथिली ठाकुर एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पोखैरभिंडा के लिए रवाना हो गईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra