इलाज में लापरवाही का आरोप, सड़क हादसे में घायल महिला की मौत के बाद परिजन ने उठाए सवाल
भागलपुर, 29 जुलाई (हि.स.)।
बांका जिले में सड़क हादसे में घायल एक महिला की मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन ने जेएलएनएमसीएच (मायागंज) अस्पताल के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतका की पहचान बांका जिले के नवादा ओपी क्षेत्र के विष्णुपुर गांव निवासी खुशबू देवी (30 वर्ष), पति विजय पाल के रूप में हुई है। मृतका के देवर अभिषेक ने बताया कि खुशबू देवी के पैर में गंभीर चोट थी। उनका आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के समय उनकी हालत स्थिर थी, लेकिन एक इंजेक्शन लगाए जाने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। उनका कहना है कि यदि समय पर और सही इलाज मिलता तो उनकी जान बच सकती थी।
उल्लेखनीय है कि खुशबू देवी गांव के दीपक कुमार की मोटरसाइकिल से इलाज कराने जा रही थीं। बाइक पर दीपक कुमार की पत्नी रिंकी देवी भी सवार थीं। इसी दौरान एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दीपक कुमार और रिंकी देवी का इलाज धोरैया अस्पताल में चल रहा है, जबकि खुशबू देवी को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया था। इधर बरारी कैंप थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर