आरपीएफ आरक्षक की तत्परता से संभावित दुर्घटना टली
भागलपुर, 02 अगस्त (हि.स.)।
श्रावणी मेला के दौरान सुल्तानगंज में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा मनीष कुमार गुप्ता मंडल रेल प्रबंधक मालदा के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, संरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्थाएँ की गई हैं।
आरपीएफ की तैनाती एवं सुरक्षा व्यवस्था श्री बरुण कुमार बेहरा, सहायक सुरक्षा आयुक्त/प्रभारी, मालदा के पर्यवेक्षण में की जा रही है। इन व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता उस समय देखने को मिली, जब ड्यूटी पर तैनात एक आरपीएफ आरक्षक की समयोचित सूझबूझ एवं तत्परता से सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर एक संभावित दुर्घटना टल गई। यह घटना सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर हुई, जब ट्रेन संख्या 12368 विक्रमशिला एक्सप्रेस स्टेशन से खुल चुकी थी।
उसी समय, दो कांवड़िया श्रद्धालु चलती ट्रेन से उतर रहे थे। इनमें से एक श्रद्धालु चलती ट्रेन से उतर चुका था तथा दूसरे श्रद्धालु को भी उतरने में सहायता कर रहा था। श्रावणी मेला ड्यूटी के दौरान सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के आरक्षक मृत्युंजय कुमार ने ड्यूटी के दौरान सतर्कता एवं तत्परता का परिचय देते हुए स्थिति की गंभीरता को तुरंत भांप लिया और समय रहते हस्तक्षेप किया।
उन्होंने तत्काल दोनों श्रद्धालुओं को सहारा देकर स्थिति को नियंत्रित किया, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की तथा एक संभावित दुर्घटना को टाल दिया। यह घटना आरपीएफ कर्मियों की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा एवं श्रावणी मेला के दौरान की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता को दर्शाती है। मालदा मंडल सभी यात्रियों एवं श्रद्धालुओं से अपील करता है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने अथवा उतरने का प्रयास न करें तथा सुरक्षित एवं सुखद यात्रा के लिए रेलवे द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर