अलंकृता पांडे होंगी भागलपुर की नई जिलाधिकारी
भागलपुर, 19 जून (हि.स.)। तेजतर्रार और अपनी प्रशासनिक कार्यशैली के लिए जानी जाने वाली 2016 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी अलंकृता पांडे को भागलपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
बिहार सरकार द्वारा जारी हालिया ट्रांसफर-पोस्टिंग के आदेश के बाद भागलपुर में नए प्रशासनिक युग की शुरुआत होने जा रही है। इसके पूर्व अलंकृता पांडे जहानाबाद जिले में जिलाधिकारी के रूप में अपनी बेहतरीन सेवाएं दे रही थीं। अब उनके कंधों पर सिल्क सिटी भागलपुर के विकास और कानून व्यवस्था की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अलंकृता पांडे ने जहानाबाद की जिलाधिकारी रहते हुए जनहित के कई बड़े फैसले लिए और विकास कार्यों को धरातल पर उतारा। प्रशासनिक दक्षता और जनता से सीधा जुड़ाव रखने वाली अलंकृता पांडे अब भागलपुर जिले के विकास, प्रशासनिक व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति देंगी।
भागलपुर जैसे बड़े और ऐतिहासिक जिले में उनकी नियुक्ति को बेहद अहम माना जा रहा है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर की रहने वाली अलंकृता पांडे बचपन से ही मेधावी रही हैं।
उन्होंने देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली सिविल सर्विस परीक्षा में अपने शानदार प्रदर्शन से ऑल इंडिया 85वीं रैंक हासिल की थी। उनकी इस सफलता के बाद उन्हें 2016 बैच के आईएएस अधिकारी के रूप में देश सेवा का मौका मिला।
अलंकृता पांडे के कैडर बदलने की कहानी भी बेहद दिलचस्प है। सिविल सर्विस परीक्षा पास करने के बाद उन्हें प्रारंभिक रूप से पश्चिम बंगाल कैडर आवंटित किया गया था। लेकिन जीवन के सफर में एक नया मोड़ आया और उनका विवाह बिहार कैडर के ही आईएएस अधिकारी अंशुल अग्रवाल से हुआ। शादी के बाद नियमानुसार उनका इंटर-कैडर ट्रांसफर हुआ और वे पश्चिम बंगाल से बिहार कैडर में आ गईं। तब से वे बिहार के विभिन्न जिलों में अपनी प्रशासनिक क्षमता का लोहा मनवा रही हैं।
भागलपुर जिला प्रशासन में इस नए बदलाव के बाद स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध जनों में काफी उत्साह है। सिल्क सिटी के नाम से मशहूर भागलपुर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, ट्रैफिक व्यवस्था, बाढ़ नियंत्रण और स्वास्थ्य-शिक्षा जैसे कई मोर्चों पर काम चल रहा है।
अलंकृता पांडे जल्द ही भागलपुर पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण करेंगी, जिसके बाद जिले के विकास को एक नई और दमदार दिशा मिलने की पूरी उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर