आलमपुर विस्फोट में मृतकों की पहचान में चूक, मुस्कान अब भी लापता; पांचवीं मौत की गुत्थी सुलझी

 


सीवान, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट के मामले में मृतकों की पहचान को लेकर महत्वपूर्ण संशोधन सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घटना में मृत पांच व्यक्तियों में शामिल एक महिला की पहचान पहले गलत हो गयी थी।

ग्रामीणों ने क्षत-विक्षत शव को मुस्कान सिद्दीकी का समझ लिया था, लेकिन अनुसंधान के दौरान उसकी पहचान इशरत सिद्दीकी के रूप में हुई। वहीं, मुस्कान सिद्दीकी अब भी लापता है।

पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को आलमपुर गांव में अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट होने की सूचना जामो बाजार थाना को मिली थी। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। मेडिकल टीम ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की थी।

पहले मुस्कान, अब इशरत के रूप में हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक, विस्फोट में मारे गये लोगों में अमरूदीन अहमद (करीब 70 वर्ष), खुशबू सिद्दीकी (करीब 10 वर्ष), अरशद सिद्दीकी (करीब आठ वर्ष), राजकुमार उर्फ भोला और एक युवती शामिल थी। प्रारंभिक स्तर पर युवती की पहचान मुस्कान सिद्दीकी के रूप में की गयी थी। हालांकि, शव की अत्यधिक क्षतिग्रस्त स्थिति के कारण पहचान में गलती हुई। अनुसंधान के दौरान पता चला कि उक्त शव मुस्कान सिद्दीकी का नहीं, बल्कि इशरत सिद्दीकी (करीब 20 वर्ष), पिता स्वर्गीय आजाद, निवासी आलमपुर का है। पुलिस के अनुसार, मुस्कान सिद्दीकी (करीब 21 वर्ष) घटना के बाद से लापता है। घटनास्थल से उसका शव भी बरामद नहीं हुआ है। उसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार खोजबीन कर रही है।

घटनास्थल से मिले पटाखे, एफएसएल ने जुटाये साक्ष्य

पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास जांच के दौरान पटाखे बरामद किये हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद पटाखों का नियमानुसार निष्पादन किया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच एफएसएल टीम से करायी गयी और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किये गये।

घटनास्थल का निरीक्षण जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी और अनुमंडल पदाधिकारी, महाराजगंज ने किया। मौके पर जिला प्रशासन, अग्निशमन विभाग, बिजली विभाग, डॉग स्क्वॉड और मेडिकल टीम को भी बुलाया गया था। संबंधित टीमों ने घटनास्थल पर जांच और आवश्यक कार्रवाई की।

थानाध्यक्ष निलंबित, नये थानाध्यक्ष की तैनाती

इस मामले के बाद जामो बाजार थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है। उनके स्थान पर पुलिस अवर निरीक्षक कृष्णा कुमार को नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आलमपुर विस्फोट में पांच लोगों की मौत और मुस्कान सिद्दीकी के लापता होने के बाद अब उसकी तलाश तथा घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि जांच के अहम पहलू हैं। पुलिस की वैज्ञानिक जांच और एकत्र साक्ष्यों से विस्फोट के कारणों तथा अवैध पटाखा निर्माण से जुड़े अन्य तथ्यों को स्पष्ट करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma