दीप प्रज्वलन के साथ अभाविप के प्रांत अभ्यास वर्ग का शुभारंभ, राष्ट्र निर्माण पर होगा मंथन

 




सुपौल, 19 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) उत्तर बिहार प्रांत के चार दिवसीय प्रांत अभ्यास वर्ग का शुभारंभ शुक्रवार को सुपौल स्थित राधेश्याम पब्लिक स्कूल परिसर में दीप प्रज्वलन एवं भारत माता पूजन के साथ हुआ।

उद्घाटन क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत, प्रांत अध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, प्रांत मंत्री पुरुषोत्तम कुमार और प्रांत संगठन मंत्री राकेश मौर्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

अभ्यास वर्ग में उत्तर बिहार के 36 संगठनात्मक जिलों से 300 से अधिक छात्र-छात्रा प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। उद्घाटन सत्र में परिषद के इतिहास, कार्यदर्शन, संगठनात्मक विस्तार और राष्ट्र निर्माण में छात्र शक्ति की भूमिका पर चर्चा की गई। क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत ने कहा कि बिहार ज्ञान, संस्कृति और राष्ट्र चेतना की भूमि रही है। नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्वविद्यालयों ने विश्व को ज्ञान का प्रकाश दिया। उन्होंने कहा कि अभ्यास वर्ग केवल संगठनात्मक प्रशिक्षण का मंच नहीं, बल्कि युवाओं को जिम्मेदार, संवेदनशील और नेतृत्वक्षम नागरिक बनाने का प्रयास है। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और परिषद इसी उद्देश्य से छात्र शक्ति को संगठित कर रही है।

प्रांत अध्यक्ष विवेकानंद तिवारी ने कहा कि अभाविप विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो छात्र हित, शिक्षा सुधार, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के मुद्दों पर लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने परिषद के मूल मंत्र “ज्ञान, शील और एकता” का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल छात्र राजनीति तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायी युवा नेतृत्व तैयार करना है।

प्रांत मंत्री पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि यह अभ्यास वर्ग कार्यकर्ताओं के वैचारिक, बौद्धिक और संगठनात्मक विकास का महत्वपूर्ण मंच है। विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को राष्ट्र जीवन, छात्र हित, नेतृत्व विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रांत संगठन मंत्री राकेश मौर्य ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। परिषद के कार्यकर्ता शिक्षा क्षेत्र के साथ-साथ आपदा राहत, रक्तदान, ग्राम विकास, पर्यावरण संरक्षण और सेवा कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस अभ्यास वर्ग में राष्ट्रीय शिक्षा नीति, छात्र नेतृत्व विकास, सामाजिक समरसता, संगठन विस्तार, व्यक्तित्व विकास और समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।

वरिष्ठ पदाधिकारी एवं विषय विशेषज्ञ प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे। आयोजन की तैयारियों में जुटे सुपौल जिला के कार्यकर्ताओं ने आवास, भोजन, चिकित्सा, पंजीकरण और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली है। यह अभ्यास वर्ग उत्तर बिहार के छात्र कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र