युद्ध बंद करो: सीवान में एपवा का उग्र विरोध
सीवान, 10 अप्रैल (हि.स.)।
सीवान भाकपा माले के महिला संगठन एपवा के बैनर तले शुक्रवार को शहर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सृष्टि कुमारी को न्याय दिलाने, देश में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस संकट के खिलाफ आवाज बुलंद की, साथ ही ईरान के खिलाफ जारी युद्ध को तत्काल बंद करने की मांग उठाई।
यह विरोध मार्च सीवान के ललित बस स्टैंड से शुरू होकर चंद्रशेखर चौक, जेपी चौक होते हुए अस्पताल मोड़ तक गया और पुनः जेपी चौक पर सभा में तब्दील हो गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “सृष्टि कुमारी को न्याय दो”, “महंगाई पर रोक लगाओ” और “युद्ध बंद करो” जैसे नारे लगाए।
सभा को संबोधित करते हुए एपवा के राज्य अध्यक्ष सोहिल गुप्ता ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ईरान और इजराइल के बीच जारी युद्ध का असर पूरे विश्व पर पड़ रहा है और भारत में भी गैस संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई की मार झेल रही है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की स्थिति कमजोर हो रही है।
एपवा जिलाध्यक्ष मंजीत कौर और जिला परिषद सदस्य मंजू देवी ने संयुक्त रूप से कहा कि देश में महिलाओं के खिलाफ घटनाएं बढ़ रही हैं।
हसनपुरा प्रखंड में कार्यरत सृष्टि कुमारी की मौत को उन्होंने “संस्थानिक लापरवाही” का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सृष्टि कुमारी ने कई बार अपने वरीय अधिकारियों को आवेदन दिया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण आज उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी। नेताओं ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
सभा को रसोइया संघ की जिलाध्यक्ष कुंती यादव, रामवती देवी समेत अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। प्रदर्शन में हीरामती देवी, किस्मती देवी, विभा देवी, राधा देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।
प्रदर्शन के माध्यम से एपवा ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma