विभिन्न मांगों को लेकर ऐपवा ने किया मार्च

 


भागलपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। महिला आरक्षण कानून से जनगणना और परिसीमन की शर्त हटाने, संसद की वर्तमान संख्या के आधार पर बिना शर्त महिला आरक्षण कानून तुरन्त लागू करने आदि की मांग पर ऑल इंडिया प्रोग्रेसिव विमेंस एसोसिएशन (ऐपवा) ने सोमवार को स्थानीय स्टेशन चौक से मार्च निकाला। अपनी मांगो के समर्थन और भाजपा सरकार की महिला विरोधी मंशा पर सवाल उठाते नारों को बुलंद करती हुई, मार्च में शामिल महिलाएं बारिश में भींगती हुई, मुख्य बाजार, खलीफाबाग चौक के रास्ते घंटाघर चौक पहुंची और सभा की।

मार्च का नेतृत्व कर रही ऐपवा की जिला सचिव रेणु देवी ने मौके पर कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार महिला आरक्षण का उपयोग अपने राजनीतिक एजेंडे यानि परसीमन और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने को आगे बढ़ाने के लिए एक बहाने के रुप में कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार महिला आरक्षण को राजनीतिक रुप से विवादास्पद परिसीमन के मुद्दे से अलग नहीं कर रही है और केवल नारी शक्ति की दिखावटी बातें कर रही है। इस तरह का ढोंग और इसे लागू करने में की जा रही लम्बी देरी, एक गहरी पितृसत्तात्मक वास्तविकता को उजागर करती है, जो व्यवस्थित रुप से महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण को रोक रही है। इसके खिलाफ महिलाएं सड़कों पर है और ऐपवा के नेतृत्व में देश भर में अभियान जारी है। वहीं ऐपवा की जिला उपाध्यक्ष मनोरमा देवी ने दिल्ली के जंतर–मंतर पर जारी छात्र–युवाओं के आंदोलन के साथ एकजुटता जाहिर की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर