12 अगस्त से दो माह तक एड्स जागरूकता का जिला में चलेगा अभियान
अररिया 07 अगस्त(हि.स.)। जिले में एड्स के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने तथा संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक सघन एड्स जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिसकी तैयारियों को लेकर समाहरणालय डीआरडीए सभागार में उप विकास आयुक्त रोजी कुमारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय संयुक्त कार्य समूह की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों से अभियान को गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ संचालित करने का आह्वान करते हुए कहा कि एड्स के प्रति जागरूकता, समय पर जांच, सुरक्षित व्यवहार तथा सामाजिक सहयोग ही संक्रमण की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे सही जानकारी अपनाएं, किसी भी प्रकार के भ्रम एवं भेदभाव से बचें तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं। पंचायती राज विभाग पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं जिला परिषद सदस्यों के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान संचालित करने, शिक्षा विभाग को विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच एड्स विषय पर विशेष परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित कराने, आईसीडीएस को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पंजीकृत महिलाओं एवं समुदाय को जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
महाविद्यालयों में युवाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम, संगोष्ठी एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन कराने, जीविका को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं एवं समुदाय के बीच जागरूकता फैलाने, स्वास्थ्य विभाग स्वास्थ्य मेलों, विशेष शिविरों एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को एचआईवी जांच, परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराएगा। इसके अतिरिक्त जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों तथा अन्य चिन्हित स्थानों पर होर्डिंग, बैनर एवं प्रचार सामग्री लगाकर अभियान को व्यापक बनाया जाएगा।
बैठक में यह भी बताया गया कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में एचआईवी जांच की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध है। आम नागरिक आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में पहुंचकर गोपनीय एवं नि:शुल्क जांच और परामर्श सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
बैठक में डीआरडीए निदेशक सौरभ सिन्हा सहित जीविका, माई भारत, स्वास्थ, शिक्षा, पंचायत राज के प्रतिनिधि, जिला एड्स बचाव एवं नियंत्रण इकाई से जड़े पदाधिकारी, सीडीओ सह डीएसीओ, डीपीएम, डीआईएस अन्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर