त्योहारों से पहले कचरे के अंबार से शहरवासी परेशान, नगर निगम का सफाई का दावा जमीनी स्तर पर फेल
भागलपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। दिवाली और छठ महापर्व को लेकर शहर को स्वच्छ और सुंदर रखने का नगर निगम का दावा जमीनी स्तर पर पूरी तरह फेल साबित हो रहा है। नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक के अगले ही दिन लचर मॉनिटरिंग का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। हालत यह है कि शहर में पहली पाली में तो जैसे-तैसे कचरे का उठाव किया गया, लेकिन लचर प्रशासनिक मॉनिटरिंग और ढुलमुल व्यवस्था के कारण दूसरी पाली में विभिन्न डंपिंग स्थलों और सार्वजनिक जगहों पर फिर से कचरे के बड़े-बड़े अंबार लग गए। त्योहारों के इस व्यस्त मौसम में सड़कों और बाजारों के आसपास फैली इस गंदगी और बदबू से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे निगम की तैयारियों की पोल खुल गई है।
नगर निगम की इस घोर लापरवाही का सबसे बड़ा उदाहरण वार्ड संख्या 39 के तहत आने वाला गनीचक इलाका बना हुआ है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस क्षेत्र में पिछले कई महीनों से भारी मात्रा में कचरा डंप पड़ा हुआ है, जिसकी नियमित सफाई नहीं की जा रही है। त्योहारों के मुहाने पर खड़े इस समय भी गनीचक मुख्य मार्ग और रिहायशी इलाके के पास कचरे के पहाड़ खड़े हैं, जिससे उठने वाली तीव्र दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि छठ पूजा के मद्देनजर इस वार्ड की सफाई व्यवस्था तुरंत दुरुस्त नहीं की गई, तो वे नगर निगम प्रशासन के खिलाफ उग्र विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर