खाद की कालाबाजारी पर जिला प्रशासन सख्त: 8 दुकानों पर प्राथमिकी, 9 के लाइसेंस निलंबित व 2 रद्द
कटिहार, 14 नवंबर (हि.स.)। रबी सीजन में किसानों को निर्धारित दर पर खाद और गुणवत्तायुक्त बीज की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है।
शनिवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक में खाद की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जानकारी सामने आई।
जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने बैठक में बताया कि अनियमितता बरतने वाले 8 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर एफआईआर दर्ज की गई है, वहीं 9 के अनुज्ञप्ति पत्र निलंबित और 2 के रद्द कर दिए गए हैं। डीएम ने अधिकारियों को नियमित छापेमारी और स्टॉक सत्यापन का निर्देश दिया।
बैठक में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजनाओं की प्रगति रखते हुए जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि रबी मौसम में 1,998.98 क्विंटल बीज वितरण के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक चना, सरसों व संकर मक्का के 293.68 क्विंटल बीज का वितरण प्रखंड कृषि पदाधिकारियों के माध्यम से कराया जा रहा है। वहीं, खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत धान अधिप्राप्ति को पारदर्शी बनाने के लिए पंचायतवार उपज का आंकड़ा तैयार करने और किसान सलाहकारों के माध्यम से योग्य किसानों का निबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
कृषि नवाचार और विविधीकरण पर जोर देते हुए बैठक में बताया गया कि जिले में रेशा आधारित कपड़ा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए अलसी की खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा सीमित भूमि में अधिक उत्पादन के लिए एक ही पौधे पर दो सब्जियां उगाने वाली आधुनिक 'ब्रिजेटो' एवं 'पोमेटो' तकनीक की पहल भी की जा रही है। बैठक के अंत में डीएम ने पशुपालन, मत्स्य, गव्य विकास एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों को भी आपसी समन्वय के साथ शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने और योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने का सख्त निर्देश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह