आगलगी पीड़ित परिवारों से मिले युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव, मुआवजे की मांग
सुपौल, 17 जुलाई (हि.स.)। युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने शुक्रवार को सदर प्रखंड के बरूआरी पंचायत स्थित गंगा पट्टी गांव (वार्ड संख्या-14) पहुंचकर आगलगी की घटना से प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना।
उन्होंने बताया कि गुरुवार देर रात अचानक लगी भीषण आग में मोहम्मद अनुल साह, मोहम्मद मुस्ताक साह एवं मोहम्मद गुफरान के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, जबकि दमकल की गाड़ी देर से पहुंचने के बाद काफी मशक्कत के पश्चात आग पर काबू पाया जा सका। आगलगी में तीनों परिवारों का घर, अनाज, बर्तन, कपड़े, जेवरात, तीन सिलाई मशीनें, बकरियां, ग्राहकों के सिलाई के लिए रखे कपड़े तथा लाखों रुपये मूल्य की अन्य संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। घटना के बाद तीनों परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अंचल अधिकारी से बातचीत कर पीड़ितों को शीघ्र सरकारी सहायता एवं उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। साथ ही उन्होंने अपने स्तर से प्रभावित परिवारों के लिए खाने-पीने की सामग्री एवं तिरपाल की व्यवस्था भी कराई। उन्होंने कहा कि आगलगी से प्रभावित परिवारों को जल्द राहत दिलाने के लिए जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से तीनों परिवारों को उचित मुआवजा, आवासीय सहायता तथा अन्य सरकारी राहत योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि आग की इस घटना ने तीनों परिवारों को पूरी तरह बेघर कर दिया है। ऐसे में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल राहत एवं पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र