सारण के 31 केंद्रों पर होगी बीपीएससी द्वारा आयोजित एईडीओसी परीक्षा
सारण, 11 अप्रैल (हि.स.)। बिहार लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिले के कुल 31 परीक्षा केंद्रों पर इस परीक्षा का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा।
परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विस्तार से चर्चा हुई। यह परीक्षा तीन मुख्य चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण 14-15 अप्रैल, द्वितीय चरण 17-18 अप्रैल और तृतीय चरण 20-21 अप्रैल को निर्धारित है।
जिला प्रशासन के अनुसार, प्रत्येक चरण में कुल 14,940 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को तीन अलग-अलग पालियों में जनरल लैंग्वेज, जनरल स्टडीज एवं जनरल एप्टीट्यूड विषयों की परीक्षा देनी होगी। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जिले में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।
इसमें 43 स्टैटिक दंडाधिकारी, 18 जोनल दंडाधिकारी और 07 सुपर जोनल दंडाधिकारी शामिल हैं। पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से नजर रखी जाएगी। साथ ही केंद्रों पर जैमर की व्यवस्था की गई है ताकि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का दुरुपयोग रोका जा सके। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक, द्वितीय पाली दोपहर 02:30 बजे से शाम 04:30 बजे तक।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, व्हाइटनर, इरेज़र और कलाई घड़ी ले जाना पूरी तरह वर्जित है। सभी अभ्यर्थियों का अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन किया जाएगा। संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान उपविकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता विधि व्यवस्था, अनुमंडल पदाधिकारी सदर और जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी केंद्राधीक्षकों को आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार