कटिहार के इयान को मिला नया परिवार, नासिक के दंपती ने दिया ‘आयुष’ नाम, डीएम ने सौंपा दत्तक ग्रहण आदेश

 


कटिहार, 28 अप्रैल (हि.स.)। “आज से ये हमारा बेटा है...”_ नासिक से आए अनोज कुमार नन्दकिशोर सिंह और माला अनोज कुमार सिंह की आंखें खुशी से भर आईं, जब डीएम ने कटिहार के विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में रह रहे नन्हे इयान को उन्हें सौंपने का आदेश सुनाया। अब इयान की नई पहचान होगी- *आयुष कुमार अनोज सिंह*।

सोमवार को समाहरणालय में दत्तक ग्रहण वाद की सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने दत्तक ग्रहण विनियम 2022 के तहत यह आदेश पारित किया। आदेश मिलते ही आयुष को जैविक संतान के सारे अधिकार मिल गए। नए माता-पिता ने फूल-मालाओं से बच्चे का स्वागत किया।

“सूनी गोद भरें, प्रचार करें”: डीएम

डीएम ने अफसरों से कहा कि दत्तक ग्रहण संस्थान और पूरी प्रक्रिया का गांव-गांव प्रचार किया जाए। ताकि लावारिस और परित्यक्त बच्चों को समय पर संस्थान में लाया जा सके। “केन्द्रीय दत्तक ग्रहण प्राधिकरण में हजारों माता-पिता इंतजार कर रहे हैं। हमें संवेदनशील होकर काम करना है, ताकि हर बच्चे को परिवार और हर सूनी गोद को खुशी मिले।

आदेश के समय उप विकास आयुक्त अमित कुमार, सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई रविशंकर तिवारी, बाल संरक्षण पदाधिकारी शंभू प्रसाद सिंह और वरीय उप समाहर्ता अभिषेक किशोर मौजूद रहे।

*जानिए प्रक्रिया:*

जो दंपती बच्चा गोद लेना चाहते हैं, वे केन्द्रीय दत्तक ग्रहण प्राधिकरण की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। जांच के बाद कानूनी प्रक्रिया से बच्चा उन्हें सौंपा जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह