सीएम के संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सभा स्थल का किया निरीक्षण
अररिया 02 जुलाई(हि.स.)।
फारबिसगंज के हरिपुर पंचायत में आगामी 7 जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने हेलीपैड और सभा स्थल को लेकर निरीक्षण किया।गुरुवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हरिपुर पंचायत का दौरा कर प्रस्तावित हेलीपैड एवं सभा स्थल के साथ आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने हरिपुर पंचायत सरकार भवन परिसर का निरीक्षण कर सभा स्थल के रूप में इसकी उपयुक्तता का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम के लिए हरिपुर पंचायत सरकार भवन प्रांगण में सभा स्थल बनाया जाएगा, जबकि सभा स्थल से 3 किलोमीटर दूर स्टेट हाईवे किनारे हेलीपैड की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पंचायती राज पदाधिकारी मनीष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज अभय तिवारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फारबिसगंज, प्रखंड विकास पदाधिकारी फारबिसगंज, बिजली विभाग की एसडीओ कोमल कुमारी, बीपीआरओ शशि रंजन, ग्रामीण विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर चंदन कुमार, हरिपुर पंचायत के मुखिया परमानंद ऋषि, सुभाष चंद्र, नवल राही एवं दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर