अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, ओवरलोड वाहन जब्त
किशनगंज, 05 जून (हि.स.)। जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न नदी घाटों पर औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया।
जिलाधिकारी विशाल राज के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही कई नावों को ध्वस्त कर दिया गया, जबकि बालू लदे एक ओवरलोड वाहन को भी जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान एडीएमओ आदित्य कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक टीम ने जिले के विभिन्न नदी घाटों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों को कई स्थानों पर अवैध रूप से बालू खनन किए जाने के प्रमाण मिले। विशेष रूप से नदी के बीच हिस्सों तक पहुंचने के लिए नावों का उपयोग कर बालू निकाले जाने की गतिविधियां सामने आईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर ही बुलडोजर की मदद से अवैध नावों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही नाव निर्माण और संचालन में प्रयुक्त सामग्री को भी जब्त कर लिया गया।
अभियान के दौरान पोठिया क्षेत्र में प्रशासन को एक और बड़ी सफलता मिली। छापेमारी के दौरान एक ओवरलोड वाहन पकड़ा गया, जिसमें निर्धारित क्षमता से अधिक मात्रा में अवैध रूप से खनन की गई बालू लदी हुई थी। प्रशासन ने वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने विभिन्न घाटों पर खनन गतिविधियों की गहन जांच करते हुए संबंधित लोगों से पूछताछ भी की। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
जिलेभर में अभियान की व्यापक चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं खान एवं भूतत्व विभाग के प्रभारी सम्राट चौधरी द्वारा विभाग का कार्यभार संभालने के बाद राज्यभर में अवैध खनन के खिलाफ अभियान तेज हुआ है, जिसका प्रभाव अब किशनगंज में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी और निगरानी अभियान और तेज किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह