किशनगंज में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, 9863 से अधिक सिलेंडर स्टॉक
किशनगंज, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की जानकारी दी है। गुरुवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि किशनगंज जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
डीएम ने बताया कि वर्तमान में जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर का स्टॉक 9863 से अधिक है। साथ ही गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था भी पूर्व की तरह चालू है। उपभोक्ता अब घर बैठे ही गैस बुकिंग कर सकते हैं और उन्हें दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा। प्रशासन के अनुसार शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद पुनः गैस बुकिंग कर सकते हैं। कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए धावा दल द्वारा नियमित रूप से छापेमारी की जा रही है। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06456-225152 जारी किया गया है। एलपीजी गैस से संबंधित आज एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसका समय पर निष्पादन कर दिया गया। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह