बिना मान्यता वाले निजी स्कूलों पर होगी कार्रवाई, 15 दिनों में सत्यापन रिपोर्ट अपलोड करने का आदेश

 


किशनगंज, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में बिना मान्यता संचालित निजी विद्यालयों पर प्रशासन की सख्ती बढ़ेगी। मान्यता के लिए आवेदन करने वाले निजी विद्यालयों का सत्यापन कर 15 दिनों के भीतर पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करनी होगी। सोमवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिया गया।

डीएम ने विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिक्षा व्यवस्था में सुधार और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मान्यता के लिए पोर्टल पर आवेदन करने वाले निजी विद्यालयों का सत्यापन निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें। वहीं, बिना मान्यता संचालित विद्यालयों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने और आवश्यकता के अनुसार बंद कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें। बैठक में दिव्यांग बच्चों की चिकित्सकीय जांच, प्रमाणन और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की भी समीक्षा की गई। प्रखंडवार आयोजित शिविरों में कम पंजीकरण पर चिंता जताते हुए डीएम ने विद्यालयवार दिव्यांग बच्चों को चिह्नित कर उनका यूडीआईडी कार्ड बनवाने तथा आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिया। इस कार्य में सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा को जिम्मेदारी सौंपी गई। डीएम ने आईएसएम लैब और स्मार्ट क्लास की स्थापना एवं संचालन की निगरानी के लिए गूगल शीट तैयार करने का निर्देश दिया। जिन विद्यालयों में पीसीबी लैब निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां आवश्यक कार्रवाई करने को बीएसईआईडीसी के उप प्रबंधक (तकनीकी) को कहा गया। इसके अलावा बिना भवन वाले उत्क्रमित उच्च विद्यालयों की जांच कराने, जिले के 11 उच्च माध्यमिक विद्यालयों में संचालित व्यावसायिक शिक्षा की नियमित निगरानी करने तथा विद्यालय परिसर के जर्जर भवनों को नियमानुसार ध्वस्त कराने का निर्देश दिया गया। जर्जर भवनों को विद्यालय शिक्षा समिति के प्रस्ताव के बाद घोषित कर कनीय अभियंता की उपस्थिति में तोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह