न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई, दो वारंटी गिरफ्तार, एक की संपत्ति कुर्क

 


किशनगंज, 10 जुलाई (हि.स.)।

पौआखाली थाना पुलिस ने न्यायालय से निर्गत वारंटों के निष्पादन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो गैर-जमानती वारंटियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य मामले में न्यायालय के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की गई।

पुलिस ने सभी मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पौआखाली थानाध्यक्ष शंखराज कर्ण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पौआखाली थाना कांड संख्या 74/2017 एवं जी.आर. संख्या 1923/2017 से संबंधित गैर-जमानती वारंटी विजयलाल गणेश, पिता हरिलाल गणेश, निवासी पेटभरी को गिरफ्तार कर थाना लाया। आरोपी लंबे समय से न्यायालय में लंबित मामले में वांछित था। इसी क्रम में जी.आर. संख्या 896/2020 से संबंधित मामले में गैर-जमानती वारंटी बबलू, पिता आनंद, निवासी कठारो, थाना पौआखाली को भी गिरफ्तार किया गया।

दोनों आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा स्पेशल केस संख्या 307/17 (सीआईएस संख्या 911/17) में माननीय न्यायालय द्वारा दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 83 के तहत जारी आदेश के आलोक में भातगांव निवासी मैडम बेसरा, पिता चुन्नू मुर्मू के विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई की गई। पुलिस ने न्यायालय के निर्देशानुसार विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई पूरी की।

पौआखाली थाना पुलिस ने बताया कि न्यायालय से निर्गत वारंटों के निष्पादन, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने कहा कि कानून से बचने का प्रयास करने वाले आरोपितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह