अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई, तीन वाहन जब्त

 


किशनगंज, 19 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध खनन एवं बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खान विभाग की टीम ने मंगलवार देर रात और बुधवार को कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों को जब्त किया। इनमें दो डबल डाला ट्रैक्टर और एक छह चक्का हाइवा शामिल है। कार्रवाई के दौरान हाइवा चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। खान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में मंगलवार देर रात किशनगंज अंचल क्षेत्र के पास छापेमारी की गई।

इस दौरान बालू लदे दो डबल डाला ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। जांच के दौरान वाहनों के चालक बालू के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। वहीं, बुधवार को खान निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने मारवाड़ी कॉलेज के समीप जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध बालू परिवहन करते एक छह चक्का हाइवा को पकड़ा गया। वाहन की जांच के बाद चालक को हिरासत में ले लिया गया। खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि हाइवा चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

खान विभाग की ओर से दोनों मामलों में किशनगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जब्त वाहनों के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार अवैध खनन और बिना वैध कागजात के बालू परिवहन से सरकार को राजस्व की क्षति होती है। ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए जिले में लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध रूप से खनन या बालू का परिवहन करते पकड़े जाने पर संबंधित वाहन मालिक, चालक एवं अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। खान विभाग की कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह