अवैध बालू परिवहन पर कार्रवाई, ट्रक जब्त, 8.32 लाख का जुर्माना

 


किशनगंज, 14 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में खान एवं भूतत्व विभाग की टीम ने गलगलिया मद्यनिषेध चेक पोस्ट पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे एक ट्रक को जब्त किया। कार्रवाई खान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान ट्रक चालक से बालू के परिवहन से संबंधित आवश्यक कागजात मांगे गए, लेकिन चालक के पास किसी भी प्रकार का वैध परिवहन दस्तावेज नहीं मिला।

इसके बाद टीम ने वाहन को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई के लिए गलगलिया थाना को सुपुर्द कर दिया। विभागीय कार्रवाई के तहत जब्त वाहन पर 8.32 लाख रुपये का दंड भी अधिरोपित किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार बिना वैध परिवहन चालान एवं आवश्यक दस्तावेजों के खनिज का परिवहन नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जिले में अवैध खनन, बालू के अवैध उठाव और परिवहन के खिलाफ छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।

विभिन्न चेक पोस्ट एवं संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन या खनिजों के परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ नियम संगत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू परिवहन में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि राजस्व की चोरी और अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जांच एवं कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह