छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विद्यालय में मेडिकल कैंप का आयोजन
नालंदा, बिहारशरीफ 24 सितंबर (हि.स.)।नालंदा जिले में छात्राओं के स्वास्थ्य एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा के उद्देश्य से आज गुरुवार को अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय उच्च विद्यालय, सब्बैत, नालंदा में मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।
कैंप में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने विद्यालय की छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया।इस दौरान छात्राओं की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, वजन सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं सुझाव दिए गए। चिकित्सकों ने छात्राओं को संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ उनका स्वस्थ रहना भी अत्यंत आवश्यक है। समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान एवं उचित मार्गदर्शन प्राप्त होता है।मेडिकल कैंप के आयोजन से छात्राओं एवं विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा। जिला कल्याण पदाधिकारी ने चिकित्सकीय टीम एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे