बोर्ड के फैसले की अनदेखी पर जेई पर कार्रवाई की तैयारी

 


किशनगंज, 28 अगस्त (हि.स.)। नगर परिषद किशनगंज के बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय का अनुपालन नहीं करने एवं कर्तव्य निर्वहन में कथित लापरवाही बरतने के मामले में वार्ड संख्या-24 के कनीय अभियंता मिथुन के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने संबंधित कनीय अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने के लिए सक्षम प्राधिकारी को प्रस्ताव अथवा अनुशंसा भेजने का निर्देश दिया है।

जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को नगर परिषद के बोर्ड की बैठक में शहर में जलजमाव की समस्या को लेकर विस्तृत चर्चा हुई थी। बैठक में निर्णय लिया गया था कि सभी कनीय अभियंता अपने-अपने क्षेत्र एवं वार्ड में जलजमाव वाले स्थलों का निरीक्षण कर 15 दिनों के भीतर स्थिति से संबंधित प्रतिवेदन समर्पित करेंगे। इसका उद्देश्य जलजमाव की समस्या के निरोधात्मक एवं स्थायी समाधान के लिए समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना था।

बताया गया कि वार्ड संख्या-24 के कनीय अभियंता मिथुन द्वारा कारगिल चौक से प्रेम पुल के बीच सड़क पर होने वाले जलजमाव के संबंध में निर्धारित अवधि के भीतर कोई प्रतिवेदन समर्पित नहीं किया गया। इसके बाद उक्त मार्ग पर जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकले जुलूस में शामिल लोगों सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकों को जलजमाव के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।

जलजमाव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर भी नाराजगी जाहिर की। इससे नगर परिषद की कार्यप्रणाली एवं छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात सामने आई। नगर परिषद अध्यक्ष की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि बोर्ड के निर्णय का समय पर अनुपालन नहीं किया जाना प्रथम दृष्टया कर्तव्य के प्रति उदासीनता एवं सरकारी कार्य के निर्वहन में लापरवाही को दर्शाता है।

ऐसी कार्यशैली को स्वीकार नहीं किया जा सकता। वहीं, कारगिल चौक से प्रेम पुल के बीच जलजमाव वाले स्थल का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा की गई कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है। अब संबंधित जेई के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह