पांच शिक्षकों पर विभाग की कार्रवाई,तीन निलंबित और दो का वेतन स्थगित
अररिया 02 नवम्बर(हि.स.)। जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने तथा गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करने को लेकर शिक्षा विभाग द्वारा सोमवार को पांच शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।कार्रवाई में तीन शिक्षक को निलंबित कर दिया गया तो दो शिक्षकों के वेतन पर रोक लगाई गई।
नरपतगंज प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय चकरदाहा में निरीक्षण के दौरान सामने आई विभिन्न अनियमितताओं एवं लापरवाही के मामलों में जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा दो विशिष्ट शिक्षक एवं एक प्रधान शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है, जबकि दो अन्य विशिष्ट शिक्षकों का वेतन अगले आदेश तक स्थगित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा 23 अक्टूबर को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया था।
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी में शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज पाई गई, जबकि संबंधित शिक्षक विद्यालय से अनुपस्थित मिले थे। इस मामले में विशिष्ट शिक्षिका राखी कुमारी एवं विशिष्ट शिक्षक निशांत कुमार पर मिलीभगत कर अवैध रूप से उपस्थिति दर्ज कराने तथा विद्यालय से अनुपस्थित रहने का आरोप पाया गया। दोनों से स्पष्टीकरण की मांग की गई थी, लेकिन निर्धारित समय तक संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं हुआ।
विद्यालय की प्रधान शिक्षिका सुषमा कुमारी के विरुद्ध मध्याह्न भोजन योजना में अनियमितता, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अधिक दर्ज कर योजना की राशि का गबन किए जाने, विद्यालय संचालन में लापरवाही, प्रशासनिक एवं वित्तीय अनियमितता तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना जैसे गंभीर आरोप सामने आए। इसके अतिरिक्त विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था में लापरवाही बरतने का मामला भी पाया गया।
इसी विद्यालय में निरीक्षण के दौरान विशिष्ट शिक्षक कौशल कौशिक एवं पंकज कुमार यादव विद्यालय परिसर में बैठकर मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए पाए गए, जबकि बच्चे विद्यालय परिसर में इधर-उधर घूम रहे थे। विद्यालय संचालन अवधि में पठन-पाठन के बजाय मोबाइल के प्रयोग और बच्चों की अनदेखी को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए दोनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण की मांग की गई थी। इस संबंध में कारण पृच्छा जारी की गई थी। निर्धारित समय तक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने पर दोनों शिक्षकों का वेतन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। साथ ही, उनके विरुद्ध अलग-अलग आरोप पत्र निर्गत करने की कार्रवाई की जा रही है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा बिहार सरकारी सेवक (लवर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियमावली, 2005 के सुसंगत प्रावधानों के तहत प्रधान शिक्षिका सुषमा कुमारी, विशिष्ट शिक्षिका राखी कुमारी एवं विशिष्ट शिक्षक निशांत कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई के अधीन किया गया है। निलंबन अवधि में तीनों का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, नरपतगंज निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। वहीं, विशिष्ट शिक्षक कौशल कौशिक एवं पंकज कुमार यादव का वेतन अगले आदेश तक स्थगित किया गया है तथा उनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर