चार करोड़ गबन के आरोपित ने सूचना अधिकार कार्यकर्ता को दी धमकी

 


नवादा, 28 अप्रैल (हि.स.)।जिले के निवासी चर्चित सूचना के अधिकार कार्यकर्ता प्रणव कुमार चर्चिल ने बिहार के पुलिस महानिदेशक ,पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सहित वरिष्ठ अधिकारियों को मंगलवार को त्राहिमाम संदेश भेजकर वारसलीगंज प्रखंड के निवर्तमान व औरंगाबाद के देव के मनरेगा प्रोग्राम पदाधिकारी पंकज कुमार से जान को खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

प्रणव चर्चिल ने कहा है कि 35 मिनट तक प्रोग्राम पदाधिकारी गया में उनके निवास पर मिलने की जिद कर रहे थे। फिर बार-बार रिश्तेदार बात कर मिलने की जिद पर अड़े थे। उनके लहजे से बता रहा था कि वह मिलकर कोई अप्रिय घटना घटना चाहते हैं ।जिसकी सूचना कॉन्फ्रेंस पर लेकर जिला मनरेगा प्रोग्राम पदाधिकारी नवादा को दी गई ।उन्होंने भी उन्हें ऐसा करने से मना किया बाद में डीडीसी के साथ वीसी की बात कहकर वे फोन काट दी।

चर्चिल ने कहा है कि मनरेगा में 4 करोड़ के घपले की जांच चल रही है ।प्रखंड प्रोग्राम पदाधिकारी पंकज कुमार ने 16000 रुपए लेकर भी उन्हें सूचना नहीं दी ।एक तरह से यह गंभीर गवन का मामला बनता है । उनके विरुद्ध भी जांच के मामले चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनके विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो संभव है वे मेरी हत्या कर देंगे ।

सूचना अधिकार कार्यकर्ता ने कहा कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी हत्या भी की जा सकती है ।इस पत्र से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है ।उनका मानना है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो उनके जान को निश्चित रूप से खतरा है। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासनिक अधिकारियों की होगी। 4 करोड़ के गवन की जांच के मामले से मनरेगा पदाधिकारी पंकज कुमार बेहद आकर्षित दिख रहे हैं जिस कारण वह किसी अप्रिय घटना को अंजाम देना चाहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन